अंबाला: जलबेड़ा रोड पर पार्किंग विवाद में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में 3 घायल

अंबाला के जलबेड़ा रोड पर पार्किंग को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष। समझौते के बहाने बुलाकर चाकुओं और तेजधार हथियारों से हमला, 3 गंभीर घायल। पुलिस जांच में जुटी।

अंबाला : अंबाला शहर के जलबेड़ा रोड पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब मामूली पार्किंग के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो गुटों के बीच हुई इस झड़प में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने समझौते के बहाने बुलाकर उन पर तेज़धार हथियारों और चाकुओं से हमला किया। घटना जलबेड़ा रोड की है, जहाँ पार्किंग को लेकर दो दुकानदारों के बीच कहासुनी शुरू हुई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे मामले को सुलझाने और समझौता करने के लिए गए थे, लेकिन दूसरा पक्ष पहले से ही हथियारों से लैस था। हमलावरों ने आव देखा न ताव और सीधा वार करना शुरू कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनकी MLR कट चुकी है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। लेकिन दिनदहाड़े शहर के व्यस्त रोड पर हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.