उज्जैन: पांच पीर बाबा की मजार के पास अवैध अतिक्रमण पर चला नगर निगम का बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात

उज्जैन नगर निगम ने आगर रोड स्थित पांच पीर बाबा की मजार के पास वर्षों पुराने अवैध अतिक्रमण को हटा दिया है. कई नोटिसों के बाद भी कब्जा न हटने पर तीन जेसीबी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई.

उज्जैन में आगर रोड स्थित नगर निगम कार्यालय के पीछे स्थित पांच पीर बाबा की मजार के आसपास पिछले कई वर्षों से कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर लिया था. इस अतिक्रमण को लेकर नगर निगम द्वारा नोटिस जारी कर इसे हटाने की हिदायत दी गई थी. लेकिन जब इस अतिक्रमण को नहीं हटाया गया तो आज नगर निगम की गैंग घटनास्थल पर पहुंची. वहां प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई.

नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया- पूरा मामला नगर निगम परिसर में स्थित पीर मजार से जुड़ा है, जहां कुछ विशेष वर्ग के लोगों द्वारा मजार के आसपास लंबे समय से अतिक्रमण कर रखा गया था. इस संबंध में नगर निगम द्वारा पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे. लेकिन तय समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया. नियमों के अनुसार अतिक्रमण न हटाए जाने पर आज नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई शुरू की.

इस कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनें, कई डंपर, नगर निगम के अधिकारी सहित करीब 50 पुलिसकर्मियों का बल मोके पर मौजूद रहा. इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों का पुलिस बल एहतियातन तैनात किया गया है. कार्रवाई के दौरान मजार के आसपास स्थित अवैध अतिक्रमण को हटाया जा रहा है.

इसीलिए हुई कार्रवाई

भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे. इस अतिक्रमण को हटाने को भी कहा जा रहा था. लेकिन कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद भी अतिक्रमणकर्ता द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आज यह कार्रवाई नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई है.

कार्रवाई से क्षेत्रवासी खुश

सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि नगर निगम द्वारा की गई अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान 50 पुलिसकर्मियों का बल यहां पर लगाया गया था. जिनकी मौजूदगी में यहां अतिक्रमण हटाया गया. बताया कि मजार के आसपास अवैध अतिक्रमण होने के साथ ही इस क्षेत्र के लोग इस बात से भी परेशान थे कि यहां बड़े-बड़े पेड़ और झाड़ियां होने के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा यहां पर बड़ी संख्या में रहता था. मजार के आसपास अतिक्रमण हटाने के साथ ही झाड़ियां और घने वृक्षों की भी छंटनी का काम इस दौरान किया गया है, जिससे क्षेत्र में आने जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.