औरैया में कोहराम: अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी तेज रफ्तार कार, महिला समेत 3 की मौत; जानें क्या थी हादसे की असली वजह!
औरैया में तेज रफ्तार कार नहर में जा गिरी. आस पास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी. फिर पुलिस और गांव वालों ने मिलकर कार सवार लोगों को नहर से बाहर निकाला.
यूपी के औरैया से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई. कार में 3 लोग सवार थे, जिनकी डूबकर मौत हो गई. जैसे ही हादसा हुआ, वहां अफरा-तफरी मच गई. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची. कार सवार लोगों को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उनकी जान जा चुकी थी. मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं.
अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा के अनुसार हादसा अछल्दा थानाक्षेत्र में तुरुकपुर गांव के पास हुआ. कार सवार दिबियापुर से इटावा की तरफ जा रहे थे. तभी ये दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया.
बताया जा रहा है कि कार सवार दिबियापुर से बारात समारोह में शामिल होकर भरथना की ओर लौट रहे थे. देर रात अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा पलटी. रात होने के कारण किसी को घटना की भनक नहीं लगी. सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्रामीणों ने नहर में कार का टायर ऊपर दिखाई देने पर 112 नंबर पर सूचना दी. सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अछल्दा पी. पुनीत मिश्रा और थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया.
कार के अंदर मिला शादी का कार्ड
कार डस्टर बताई जा रही है. जब गाड़ी को बाहर निकाला गया तो उसमें एक महिला और दो पुरुष मृत अवस्था में मिले. कार के अंदर मिले शादी के कार्ड से मृतकों की पहचान भरथना क्षेत्र के रहने वाले लोगों के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
घटना से परिवार में पसरा मातम
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने नहर में गाड़ी का टायर दिखाई देने पर सूचना दी. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर गाड़ी बाहर निकाली गई. गाड़ी डस्टर थी. अंदर एक महिला और दो पुरुष मिले, जिनकी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो चुकी थी. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार या चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है. घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
मथुरा में भी ऐसा ही कार हादसा
इसके अलावा मथुरा में भी इसी तरह का सड़क हादसा हुआ. यहां भी एक तेज रफ्तार कार का बैलेंस बिगड़ा और वो नहर में जा गिरी. हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो लॉ स्टूडेंट थे. हादसा इतना भीषण था कि कार पहले पानी की टंकी से टकराई और फिर सीधे नहर में जा पलटी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को नहर से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
शादी में शामिल होने जा रहे थे चारों
हादसा डींग गोवर्धन बाईपास के देरिया नगला मोड़ पर हुआ. मामले में जांच जारी है. जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त महावन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान राहुल, अमित और मोहित सहित एक अन्य के रूप में हुई है. चारों दोस्त कार (UP85 CV 9856) से राजस्थान के डीग में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी नगला दैवीय के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और ये हादसा हुआ.