कुरुक्षेत्र: नहर में मिला युवक का बंधा हुआ शव, हाथ पर ‘सहोता’ टैटू से पहचान की कोशिश!

कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में नरवाना ब्रांच नहर से 25-30 वर्षीय युवक का शव बरामद। हाथ-पैर रस्सी से बंधे और सिर पर चोट के निशान। पुलिस को हत्या की आशंका, पंजाब से तार जुड़े होने का शक।

कुरुक्षेत्र : जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र के डल्ला माजरा गांव के पास नरवाना ब्रांच भाखड़ा नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार युवक के हाथ-पैर पीले रंग की रस्सी से बंधे हुए थे, जबकि उसके सिर और माथे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव करीब 3-4 दिन पुराना बताया जा रहा है। युवक ने ब्लैक टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था।

जांच के दौरान युवक के बाएं बाजू पर पंजाबी भाषा में “सहोता” नाम का टैटू बना हुआ मिला है, जिससे पुलिस को आशंका है कि युवक पंजाब का रहने वाला हो सकता है। पुलिस आसपास के इलाकों और जिले के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है।

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि राहगीरों से नहर में शव बहने की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। वहीं पुलिस का कहना है कि टैटू के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और इसके लिए पंजाब पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।

थाना इस्माइलाबाद के SHO जगदीश शर्मा ने बताया कि युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है ताकि पहचान हो सके। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.