कोरबा: आधी रात को चुभ गई पिता की बात, बेटी ने बेरहमी से रेत दिया बाप का गला; खुद दी हत्या की खबर

छत्तीसगढ़ के कोरबा की घटना है. यहां एक 27 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर अपने पिता की हंसिए से गला रेतकर हत्या कर दी. घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के रलिया गांव की है. पुलिस ने आरोपी बेटी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक 27 साल की युवती ने कथित तौर पर अपने पिता की गला रेतकर हत्या कर दी. घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के रलिया गांव स्थित लिममुंडा बस्ती की है. मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अशोक की पत्नी और तीन बेटियां पिछले करीब आठ वर्षों से उनसे अलग रह रही थीं. वे कोरबा के आदिले चौक इलाके में निवास करती थीं. परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि अशोक अपनी पत्नी और बड़ी बेटी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था. इसी कारण पत्नी और बेटियां अलग रहने लगी थीं. दो बेटियां निजी कंपनी में काम करती हैं, जबकि एक की पढ़ाई जारी है.

 

आधी रात को पिता-बेटी में हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि 9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन मुआवजे की राशि से जुड़े काम के सिलसिले में गांव आई थीं. वे गांव में ही रुकी हुई थीं. देर रात करीब 2 बजे अशोक और उसकी बड़ी बेटी गीता केवट के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई. आरोप है कि विवाद के दौरान पिता ने बेटी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे गुस्सा भड़क उठा.

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान गीता ने घर में रखे हंसिए से अपने पिता पर हमला कर दिया और पिता का गला काट दिया. घटना के बाद वह खुद घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है. सूचना मिलने पर मृतक के भाई संतोष कुमार घर पहुंचे, जहां अशोक खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा था.

 

आरोपी बेटी पुलिस की हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही हरदी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया. पुलिस के एक अफसर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक अशोक केवट शराब का आदी था और पारिवारिक व्यवहार को लेकर पहले से तनाव की स्थिति थी. हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

 

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने इस घटना को अंजाम तक पहुंचाया. बताया जा रहा है कि आरोपी गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर एक्टिव थी. कुछ समय पहले उसने एक युवक के साथ वीडियो साझा किया था, जिसे लेकर विवाद हुआ था और साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.