खादगढ़ा बस स्टैंड पर लगी भीषण आग, धू-धू कर जलीं 6 बसें; मची भारी अफरा-तफरी

झारखंड की राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया.

झारखंड की राजधानी रांची में खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी कई बसों में अचानक भीषण आग लग गई. जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 6 बसें इसकी चपेट में आ गईं और जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. लोगों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग बुझाने की कोशिश की, फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

घटना खादगढ़ा टीओपी क्षेत्र की बताई जा रही है. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस स्टैंड में खड़ी एक बस से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें उठने लगीं. इस दौरान पास खड़ी अन्य बसें भी आग की चपेट में आ गईं. एलडी मोटर, किरण, संजय सुपर और झारखंड पर्यटक की दो बसों समेत कुल 6 बसों को आग से नुकसान हुआ है. आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही धुआं दिखाई देने लगा.

दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू

घटना की जानकारी के बाद मौक पर दमकल की लगभग आधा दर्जन गाड़ियां पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है. इस हादसे के बाद बस मालिकों ने कहा कि ऐसा लगता है किसी ने जानबूझकर घटना को अंजाम दिया है. हालांकि जन बसों में आग लगी है उनमें से कोई भी बस एसी बस नहीं थी.

जांच में जुटी पुलिस

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पांच वाहनों में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया लेकिन आग कैसे लगी इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है. लोवर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने कहा कि आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है.घटना की जानकारी के लिए बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही हैं. सीसीटीवी फुटेज में कोई भी शख्स आग लगाता हुआ दिखाई दिया तो उसके ऊपर कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.