गुड़गांव: बसई रोड पर सीवर कार्य बना आफत, सड़क धंसने से फंसे वाहन, मचा हड़कंप

गुड़गांव के बसई रोड पर सीवर लाइन की खुदाई के बाद धंसी सड़क। ट्रक और एंबुलेंस फंसने से लगा लंबा जाम। नगर निगम की लापरवाही से राहगीर परेशान, रूट डायवर्जन फेल।

गुड़गांव : नगर निगम द्वारा भले ही लोगों को समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर में विकास कार्य किए जा रहे हों, लेकिन यह विकास कार्य विनाश कार्य बनते नजर आ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण बसई रोड पर देखने को मिल रहा है जहां पिछले तीन दिनों से सीवर का कार्य किया जा रहा है, लेकिन यह सीवर का कार्य लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया। हालांकि इस कार्य के लिए नगर निगम द्वारा ट्रैफिक रूट डायवर्जन प्लान जरूर किया गया था, लेकिन यह डायवर्जन कहीं भी देखने को नहीं मिल रहा जिसके कारण जहां भी नगर निगम द्वारा सीवर की लाइन डालने के लिए खुदाई की गई वहीं, इस तरह से गड्ढे भरे गए कि अब इन गड्ढों में गाड़ियां फंस रही हैं।

सिविल अस्पताल के पास ही आज सुबह एक ट्रक फंस गया जिसके कारण यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय दुकानदारों की मानें तो आज सुबह करीब 10 बजे एक ट्रक फंस गया जिसके कारण यहां वाहनों को काफी परेशानी हो रही है। यहां सड़क करीब दो फीट तक धंस गई जिसके कारण ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से जमीन पर लग गया। वहीं ट्रक ड्राइवर की मानें तो जिस वक्त उनका ट्रक यहां फंसा उस वक्त नगर निगम के अधिकारी भी यहां मौजूद थे। उन्होंने ट्रक को धंसा देखा और आपस में बात करने लगे। इसी दौरान वह पूरा घटनाक्रम देखकर मौके से चले गए।

वहीं, दुकानदारों ने बताया कि यहां रूट डायवर्जन के नाम पर केवल दो बेरिकेड लगाकर छोड़ दिया गया। यहां खुदाई किए जाने के बाद कई वाहन यहां फंस चुके हैं। कल रात को यहां एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी यहां फंस गई थी। उस दौरान यहां कई लोग एकत्र हो गए और काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को निकाला गया। वहीं, एक ऑटो भी पलट गया। गनीमत यह रही कि ऑटो पलटने से किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि ऑटो ड्राइवर को जरूर मामूली चोट आई थी। यहां ट्रैफिक रूट डायवर्जन के नाम पर भी कुछ नहीं किया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस भी यहां नजर नहीं आ रही है। ऐसे में यह विकास कार्य लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।

आपको बता दें कि बसई रोड पहले भी विवादों में रहा है। यहां कई बार सीवर लाइन के कारण सड़क धंस जाने से ट्रक फंस गए थे जिसके कारण लोगों काे काफी परेशानी हुई। हर बार नगर निगम की तरफ से इसे मरम्मत कर ठीक कर तो दिया जाता है, लेकिन कुछ ही समय में हालात जस के तस हो जाते हैं। फिलहाल देखना यह होगा कि नगर निगम द्वारा लोगों की सुविधा के लिए किया जा रहा यह कार्य कितना सफल हो पाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.