गुड़गांव वार्ड 5 में PNG की मांग: आरडब्ल्यूए ने उठाई आवाज, जल्द होगा सर्वे

गुड़गांव के वार्ड 5 की कॉलोनियों में PNG सुविधा न होने से रोष। यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने HCG से की मांग। सराय अलावर्दी, न्यू पालम विहार समेत कई क्षेत्रों में होगा सर्वे।

गुड़गांव : नगर निगम वार्ड नंबर 5 के अंतर्गत आने वाली विभिन्न कॉलोनियों में अभी तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। इस संबंध में “यूनाइटेड आरडब्लूए फेडरेशन” ने हरियाणा कमर्शियल गैस एजेंसी को प्रार्थना पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

फेडरेशन के संस्थापक राकेश राणा ने बताया कि वार्ड नंबर 5 के अंतर्गत शंकर विहार, साहिब कुंज, गंगा विहार, चंदन विहार, साईं कुंज, निहाल कॉलोनी, निहाल कॉलोनी एक्सटेंशन, भीम कॉलोनी, प्रकाश पुरी ज़ोन, उपवन सोसाइटी, न्यू पालम विहार फेज 1, 2, 3, आई जेड, डब्ल्यू जेड, ई ज़ेड ब्लॉक, सेक्टर 110A, ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी, सराय अलावर्दी तथा बजघेड़ा गांव जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आज तक PNG गैस की सुविधा नहीं पहुंच पाई है जबकि केंद्र और प्रदेश सरकार ने नोटिस जारी किए हुए है कि सभी जगह पीएनजी गैस की आपूर्ति की जाए।

फेडरेशन का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्रवासी गैस सिलेंडरों पर निर्भर हैं, जिससे उन्हें बार-बार असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही, सिलेंडर उपयोग में सुरक्षा संबंधी खतरे भी बने रहते हैं। जबकि PNG गैस एक सुरक्षित, सस्ती एवं पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है, जिसका लाभ अन्य क्षेत्रों को मिल रहा है।

एचसीजी के महाप्रबंधक विजय कुमार ने जल्द क्षेत्र का सर्वे करवाकर पीएनजी की सुविधा मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। यूनाइटेड आरडब्लूए फेडरेशन की तरफ से ईमान सिंह कादयान, पंकज पांडे, झाबर सिंह, दिनेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, हरीश शर्मा, के पी तिवारी, महेंद्र जांगिड़ आदि ने मुलाकात की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.