गुड़गांव शीतला माता मंदिर: चैत्र नवरात्रि के पहले दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब!

चैत्र नवरात्रि और हिंदू नव वर्ष पर भक्ति के रंग में रंगा गुड़गांव! शीतला माता मंदिर में मां शैलपुत्री की पूजा के लिए उमड़े श्रद्धालु। श्राइन बोर्ड के सुरक्षा इंतजाम पुख्ता।

गुड़गांव : चैत्र नवरात्राें की शुरूआत होते ही हिंदू नव वर्ष का भी आगमन हो गया है। नवरात्रे के पहले दिन गुड़गांव पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जहां मौसम में परिवर्तन के बाद लोगों ने सुहाने मौसम का आनंद लिया वहीं, नवरात्रे के पहले दिन लोग आस्था की डुबकी लगाने शीतला माता मंदिर पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने शीतला माता मंदिर प्रांगण में पहुंचकर माता का आर्शीवाद लिया। गुड़गांव ही नहीं बल्कि दूर दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने भी नवरात्रे के पहले दिन मंदिर में पूजा अर्चना की। हर तरफ जयकारें गूंजते सुनाई दिए। श्रद्धालु प्रसाद, चुनरी और नारियल चढ़ाकर माता का आशीर्वाद लेते नजर आए।

आपको बता दें कि नवरात्रि के पहले दिन माता के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की जाती है। मंदिर के पुजारी की मानें तो पहला नवरात्र बहुत ही विशेष माना जाता है। जिसको देखते हुए शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब दिखा तो वही श्राइन बोर्ड की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्री शीतला माता मंदिर श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार से दिक्कत न हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में भी तैनात किया गया है। वही मंदिर के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.