गुरुग्राम: एम्मार मारबेला सोसाइटी में 85 लाख की चोरी, जेवरात और नकदी लेकर फरार हुई नौकरानी राजस्थान से गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-66 स्थित लग्जरी सोसाइटी में नौकरानी ने घर साफ कर दिया। मालिक के बाहर जाते ही 85 लाख के गहने और कैश चोरी कर राजस्थान भागी नौकरानी शकुंतला को पुलिस ने दबोचा। 2 दिन की रिमांड पर पूछताछ जारी।
गुड़गांव : सेक्टर 65 थाना एरिया से करीब 85 लाख के जेवरात व नकदी चोरी करने वाली नौकरानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर 2 दिन के डिमांड पर लिया है।
दरअसल, सेक्टर-66 स्थित लग्जरी सोसायटी एम्मार मारबेला के एक फ्लैट में काम करने वाली एक नौकरानी ने मौके का फायदा उठाकर घर से करीब 85 लाख रुपए की नकदी और गहने चोरी कर लिए। पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-66 निवासी ने बताया कि उनका परिवार जनवरी-फरवरी माह में बाहर गया हुआ था। पीछे से एक नौकरानी जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने चोरी के केस में आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी शकुंतला (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में महिला ने बताया कि जब शिकायतकर्ता का परिवार घर पर नहीं था तो उसने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी किये जेवरात उसने अपने ससुराल में छुपा दिए। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।