गुरुग्राम DFSC अशोक रावत निलंबित: ACB ने रिश्वत मामले में दर्ज की FIR, जानें पूरा मामला
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम DFSC अशोक रावत को निलंबित किया। रेवाड़ी में डिपो धारक से रिश्वत मांगने के आरोप में ACB ने दर्ज की FIR। वायरल ऑडियो के बाद बड़ी कार्रवाई।
रेवाड़ी : भ्रष्टाचार के मामले में हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के डीएफएससी अशोक रावत को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा रिश्वत मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले के गांव नीमोठ निवासी एक डिपो धारक ने शिकायत दी थी कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में तैनात इंस्पेक्टर जयवीर ने उससे 20 हजार की मांग की। आरोप है कि यह रकम विभागीय कार्रवाई से राहत देने और डिपो बहाल रखने के नाम पर मांगी गई थी। रिश्वत मांगने का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
शिकायत के आधार पर ACB ने जांच की और डीएफएससी अशोक रावत व इंस्पेक्टर जयवीर के खिलाफ भ्रष्टाचार सहित विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की। बताया जा रहा है कि अशोक रावत इससे पहले करीब साढ़े सात साल तक रेवाड़ी में डीएफएससी के पद पर रहे हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद सरकार ने अशोक रावत को निलंबित कर दिया। वहीं मामले की जांच अभी जारी है और विभागीय स्तर पर भी आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।