गोहाना नया जिला बनेगा या नहीं? मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया बड़ा खुलासा

क्या मुख्यमंत्री नायब सैनी गोहाना को जिला बनाएंगे? पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने जनगणना 2026 का हवाला देते हुए स्थिति साफ की। रोहतक में शिकायतों का भी किया निपटारा।

रोहतक: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोनीपत के गोहाना उपमंडल को नया जिला बनाने की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा है कि 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2026 तक जनगणना चल रही है। इस बीच किसी भी नए जिले की घोषणा नहीं की जाएगी। पहले 5 सदस्यों की कमेटी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी। इसमें उनके अलावा मंत्री महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा और गृह सचिव सदस्य थे। ऐसे में अब किसी नए जिले की घोषणा होना संभव नहीं है।

दरअसल 29 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गोहाना में होने वाली विकास रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस रैली का आयोजन सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने किया है। इसी के साथ यह चर्चा चल रही है कि मुख्यमंत्री गोहाना को जिला बनाने की घोषणा कर सकते हैं। पहले भी कई बार गोहाना को जिला बनाने की चर्चा चली है। इसी पर अब कृष्ण लाल पंवार की प्रतिक्रिया आई है।

वे शुक्रवार को यहां जिला विकास भवन में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मीटिंग की अध्यक्षता करने के लिए पहुंचे थे। इस मीटिंग में 16 शिकायत रखी गई। इनमें से 12 शिकायतों का समाधान कर दिया गया। बैठक के दौरान मंत्री ने पिछले एक साल के भीतर जारी हुए मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए समिति का गठन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर भी एक अन्य समिति जांच करेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.