दिल्ली के पश्चिम विहार में दिनदहाड़े मर्डर: अवैध संबंधों के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या
राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार में 22 वर्षीय अमन की सरेआम हत्या। मां के साथ जा रहे युवक पर आरोपी बेटे ने किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला। पुलिस आरोपी रोहित की तलाश में जुटी।
राजधानी नई दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात मामला सामने आई. यहां 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में हत्या की वजह अवैध संबंधों को लेकर विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2:27 बजे पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को घटना की सूचना मिली. यह कॉल मृतक के भाई सुमित ने की थी. पहले मामला निहाल विहार थाने में दर्ज किया गया, लेकिन घटनास्थल पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र में होने के कारण केस को वहां ट्रांसफर कर दिया गया.
चाकू से किए ताबड़तोड़
जांच में सामने आया कि मृतक अमन, जो मदनगीर का निवासी था. मृतक आरोपी की मां के साथ पश्चिम विहार से निहाल विहार की ओर जा रहा था. इसी दौरान आरोपी रोहित (19), जो निहाल विहार का रहने वाला है. बाइक पर वहां पहुंचा. उसने अमन को देखते ही उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई.
अवैध संंबंध के शव में हुई हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी मां और मृतक के बीच कथित अवैध संबंधों का शक था, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले रही है, ताकि वारदात से जुड़े और सबूत जुटाए जा सकें.इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.