नारनौल: गैस किल्लत पर भड़के ग्रामीण, निजामपुर में सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

निजामपुर (नारनौल) में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत! बुकिंग के बाद 'अनडिलिवर्ड' मैसेज आने से नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम। ईरान-इसराईल युद्ध का असर अब रसोई तक।

निजामपुर : अमरीका-इसराईल और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। प्रदेश में गैस सिलेंडर की लंबे समय से चल रही किल्लत को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। निजामपुर नारनौल में  भी गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शनिवार को ग्रामीण उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गैस एजेंसी के पास बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। हालांकि, स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और कुछ ही देर में जाम खुलवा दिया।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित चल रही थी। इससे परेशान होकर ग्रामीण उपभोक्ता निजामपुर गैस एजेंसी के बाहर एकत्रित हो गए और विरोध स्वरूप सड़क जाम कर दी। जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और एजेंसी प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर गैस वितरण की प्रक्रिया को दोबारा सुचारू कराया। इसके बाद जाम को खुलवा दिया गया।

मौके पर मौजूद कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाई थी और उन्हें बुकिंग का मैसेज भी प्राप्त हुआ था। लेकिन 3 से 4 दिन बाद उन्हें ‘अनडिलिवर्ड’ का मैसेज आ गया, जिसके कारण वे गैस लेने से वंचित रह गए। उपभोक्ताओं का कहना है कि यह उनके साथ धोखा है जिससे कई गैस उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.