पानीपत: न ताला टूटा, न कुंडी… फिर भी बेड से उड़ गए लाखों के जेवरात; दुर्गा कॉलोनी की ‘मिस्ट्री’ चोरी

पानीपत की दुर्गा कॉलोनी में एक अजीबोगरीब चोरी हुई है, जहाँ लाखों के सोने के जेवर गायब हो गए। चोरों ने न तो घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा और न ही बेड का ताला। नरेश कुमार की पत्नी ने 25 जनवरी को गहने बेड में रखे थे, जो 30 जनवरी को गायब मिले।

 पानीपत। शहर की बबैल रोड स्थित दुर्गा कालोनी में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोर ने न तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और न ही बेड का लाक, इसके बावजूद लाखों रुपये के सोने के जेवरात गायब हो गए। वारदात के बाद पुलिस मामला दर्ज कर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह वर्तमान में दुर्गा कालोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कविता देवी ने 25 जनवरी को सोने के गहने बेड के अंदर सुरक्षित रखे थे। इनमें सोने का लाकेट, मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, बालियां और टिकड़ी शामिल थीं।

परिवार को 30 जनवरी को तब चोरी का शक हुआ, जब नरेश कुमार ने बेड खोलकर देखा और वहां रखे सभी कीमती जेवरात नहीं मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर का मेन गेट और बेड का ताला पूरी तरह सुरक्षित था।

घर के अंदर किसी तरह की तोड़फोड़ या सामान बिखरा हुआ भी नहीं मिला। पीड़ित परिवार ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता न मिलने पर थाना किला में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद कालोनी के लोग भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.