फरीदाबाद कांग्रेस कार्यकारिणी घोषित: सैलजा और बीरेंद्र सिंह समर्थकों का दबदबा, हुड्डा गुट को लगा झटका; देखें पूरी लिस्ट
हरियाणा कांग्रेस के फरीदाबाद जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। राव नरेंद्र सिंह की मंजूरी के बाद जारी लिस्ट में सैलजा और बीरेंद्र सिंह गुट को मिली प्राथमिकता, जबकि हुड्डा समर्थकों को मिली कम जगह। जानें किसे मिला कौन सा पद।
फरीदाबाद। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की स्वीकृति के बाद जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद सैलजा और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के समर्थकों का खास ध्यान रखा गया है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थकों को उम्मीद के अनुसार स्थान नहीं मिला है।
हालांकि जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक का कहना है कि उन्होंने हर वर्ग का ध्यान रखा है और काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बनाया है। नई कार्यकारिणी में चार उपाध्यक्ष, आठ महासचिव और एक संगठन का महासचिव बनाया गया है। पांच महिलाओं को भी स्थान दिया गया है।
कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष वेदप्रकाश यादव, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, रेनू चौहान और तिलक कुमार को बनाया गया है। एक मात्र संगठन महासचिव पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता अशोक रावल को बनाया गया है। अशोक रावल लंबे समय से कांग्रेस में हैं और अब जाकर उन्हें कोई मुख्य पद मिला है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी डा.सौरभ शर्मा को दी गई हैं। डा.सौरभ शर्मा हर कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लेते रहे हैं। दूसरी ओर जिला संगठन में आठ महासचिव बनाए गए हैं।
इनमें मुकेश हेतराम डागर, ललित बंसल, उमेश कौशिक, बिजेंद्र कुमार तेवतिया, रामुकमार, वीरेंद्र चंदीला, सुनीता फागना, रविंद्र बैंसला शामिल हैं। इनमें कोई हुड्डा गुट से हैं, कोई सैलजा तो कोई बीरेंद्र सिंह गुट के हैं। आठ महासचिव बना कर स्पष्ट है कि कई कार्यकर्तओं को एडजस्ट किया गया है।
जिला सचिव बाबूलाल रवि, एन.के.शर्मा, दीपक शुक्ला, मोहसिन खान, विकास फागना, अर्जुन सैनी, पम्मी मान, अनुज शर्मा, राहुल नागर, इकबाल कुरैशी, मोहन तेवतिया, दिनेश शर्मा, बलजीत सिंह अरोड़ा, बिरेंद्र यादव, चंद्रपाल सिंह, सरला भमोत्रा हैं।
हमने जिला कार्यकारिणी में हर वर्ग का ध्यान रखा है। इसमें किसी भी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है। हर काम करने वाले अच्छे कार्यकर्ता को स्थान दिया गया है। पांच महिलाओं को भी समायोजित किया गया है। जल्दी ही प्रकोष्ठों की घोषणा की जाएगी। इनमें भी अच्छे कार्यकर्ताओं को स्थान दिया जाएगा।