बहादुरगढ़ में बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश: 9 लाख में हो रहा था मासूम का सौदा

बहादुरगढ़ पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को दबोचा। पंजाब से 2 लाख में खरीदकर दिल्ली में 9 लाख में बेच रहे थे 3 दिन का बच्चा।

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन दिन का एक नवजात बच्चा भी बरामद किया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी नवजात बच्चे को पंजाब के फरीदकोट से खरीद कर लाये थे और दिल्ली बेचने जा रहे थे।

DCP मयंक मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी सलीम और अखिल के रूप में हुई है, जबकि महिला आरोपी पंजाब के मुक्तसर की रहने वाली बेअंत कौर है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पांच सदस्यों का गिरोह है और इसका सरगना अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

2 लाख में खरीदकर 9 लाख 25 हजार में किया था सौदा

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इस बच्चे को दिल्ली में एक निसंतान दंपति को बेचने वाले थे। आरोपियों ने नवजात को करीब सवा दो लाख रुपये में खरीदा था और इसका सौदा 9 लाख 25 हजार रुपये में किया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए निसंतान दंपतियों को टारगेट करते थे। आरोपी सलीम किरयाना स्टोर चलाता है, जबकि अखिल सीएससी सेंटर संचालक है।

गिरोह पंजाब से महाराष्ट्र तक कर चुका है तस्करी  

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा है। गिरोह के सरगना की पत्नी और गिरफ्तार महिला आरोपी की बेटी नर्स हैं, जिनकी मदद से बच्चों की तस्करी की जाती थी। यह गिरोह पंजाब से लेकर महाराष्ट्र तक बच्चों की तस्करी कर चुका है और अब तक पांच वारदातों का खुलासा हो चुका है। बहादुरगढ़ पुलिस ने आरोपियों के पास से दो गाड़ियां और कई अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

DCP मयंक मिश्रा ने बताया कि गैरकानूनी तरीके से बच्चों को गोद दिलाना अपराध है और नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी और इस मामले में बच्चों को खरीदने और बेचने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार सरगना की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने का काम जारी है।

हम आपको बता दें कि पुलिस द्वारा बरामद किया गया नवजात बच्चा फिलहाल पूरी तरह से स्वस्थ है। उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.