बिहार में खूनी खेल: 2 महीने पहले चाकू से बचा तो अब सिर में मारी गोली, अंडा व्यापारी की सरेराह हत्या से सनसनी

बिहार के पश्चिम चंपारण में बदमाशों ने अंडा व्यवसायी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी.

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां बदमाशों ने एक युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि करीब 2 महीने पहले भी उस पर जानलेवा हमला हुआ था. इस दौरान आरोपियों ने उसका पेट चाकू घोंपकर फाड़ दिया था. समय पर इलाज मिलने के चलते युवक की जान बच गई थी. हालांकि, अब सिर में गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया.

जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया इलाके में रहने वाले अंडा व्यवसायी विजय साह (37) को बदमाशों ने शुक्रवार रात नंदपुर ढाला के रेलवे ट्रैक के पास सिर पर गोली मार दी. शनिवार सुबह उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही लोकल थाने की पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों ने बताया कि विजय शुक्रवार रात 7 बजे पान खाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटे.

पुरानी रंजिश में युवक की हत्या

अगले दिन नंदपुर के पास उसका शव मिला. इस घटना पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी. घटना की जानकारी देते हुए एसडीपीओ जयपक्राश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश में हत्या की बात निकलकर आई है. करीब 2 महीने पहले भी युवक को चाकू से गोदकर रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया था. हालांकि, इस दौरान उसकी जान बच गई थी.

‘पुलिस ने मामले में बरती लापरवाही’

मामले में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को जेल भेजा गया था, लेकिन एक युवक फरार चल रहा था. परिजन ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. फिलहाल, पुलिस ने विजय की हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.