भागलपुर: पत्नी के प्रेमी ने जूनियर इंजीनियर पर किया जानलेवा हमला, पिस्टल के बट से चेहरे को किया लहूलुहान

भागलपुर में सनसनी! जूनियर इंजीनियर ने पत्नी के अवैध संबंधों का किया विरोध, तो प्रेमी सुजीत मंडल ने पिस्टल के बट से किया जानलेवा हमला। तिलका मांझी थाना क्षेत्र की वारदात।

बिहार के भागलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पत्नी के कथित अवैध संबंधों का विरोध करना एक जूनियर इंजीनियर को भारी पड़ गया. आरोप है कि गुस्से में आकर पत्नी के प्रेमी ने इंजीनियर पर जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान आरोपी ने न सिर्फ पिस्टल के बट से उनके चेहरे पर कई वार किए, बल्कि उनके बेहोश हो जाने के बाद भी बेरहमी से पिटाई करता रहा. घटना शुक्रवार को तिलका मांझी थाना क्षेत्र की एक गली में हुई.

3 साल से पत्नी का अफेयर

पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी भी उसी मायागंज अस्पताल में जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) के पद पर कार्यरत है. इंजीनियर का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से उनकी पत्नी और सुजीत मंडल के बीच प्रेम संबंध चल रहा है. उन्होंने कई बार आरोपी को अपनी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. उल्टा आरोपी ने उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी भी दी. इतना ही नहीं, आरोपी कथित तौर पर अपने परिवार में प्रभावशाली पुलिस अधिकारी होने का दावा कर उन्हें डराने की कोशिश करता रहा.

घटना वाले दिन इंजीनियर अपनी पत्नी की तलाश कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने तिलका मांझी चौक के पास अपनी पत्नी को आरोपी सुजीत के साथ जाते हुए देखा. जब उन्होंने दोनों का सामना किया और विरोध जताया, तो वहां तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपी ने हथियार निकालकर इंजीनियर पर हमला कर दिया.

चेहरे पर किए वार

इंजीनियर ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान आरोपी ने पिस्टल के बट से उनके चेहरे और मुंह पर कई वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, इंजीनियर के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उनकी पिटाई जारी रखी. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें बचाया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.