भिवानी: करोड़ों की नई सड़क 3 महीने में धंसी, सीवर मैनहोल ने बढ़ाई मुसीबत
भिवानी के एमसी कॉलोनी मोड़ पर करोड़ों की लागत से बनी नई सड़क 3 महीने में ही धंस गई। त्रिवेणी मंदिर के पास सीवर मैनहोल धंसने से 6 फीट गहरा गड्ढा हो गया है, जिससे बड़े हादसे का डर बना हुआ है। पढ़ें पूरी खबर।
भिवानी। शहर की बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्टेशन लाइन पार जीआरपी पुलिस चौकी के पीछे त्रिवेणी मंदिर के पास स्थित मुख्य सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बन गया है। यहां पर पुराना सीवर मैनहोल दूसरी बार धंस गया है। एमसी कॉलोनी मोड़ के समीप धंसी सड़क के अंदर करीब छह फीट गहरा गड्ढा बन गया है। मुख्य रास्ते पर गड्ढा बनने से हादसे का अंदेशा बना है। करीब तीन माह पहले ही नगर परिषद ने यहां करोड़ों का बजट खर्च कर नई सड़क बनवाई थी। इससे पहले नई सड़क निर्माण के चंद दिन पहले ही ये सीवर मैनहोल धंस गया था।