भिवानी के 40 गांवों की 25 हजार एकड़ भूमि हुई सेमग्रस्त, खरीफ फसलों की बिजाई पर गहराया संकट
भिवानी, तोशाम और बवानीखेड़ा के करीब 40 गांवों में सेम (Sem) और जलभराव से 25 हजार एकड़ जमीन दलदल बन गई है। किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है क्योंकि अब खरीफ की बिजाई भी मुमकिन नहीं दिख रही।
भिवानी। जिले के भिवानी, तोशाम और बवानीखेड़ा खंड के करीब 40 गांवों की लगभग 25 हजार एकड़ कृषि भूमि सेमग्रस्त हो चुकी है जिससे किसान त्रस्त हैं। रबी सीजन के बाद अब खरीफ फसल की बिजाई की भी उम्मीद नहीं बची है। कई खेतों में अब भी बरसाती पानी जमा है और जहां से पानी निकल चुका है, वहां भूमि दलदली बनी हुई है। ऐसी स्थिति में फसल की बिजाई तो दूर, एक तिनका तक उगना संभव नहीं दिख रहा। किसान सेमग्रस्त भूमि से पूरी तरह नाउम्मीद होते जा रहे हैं।