भिवानी: ग्राम शिक्षा समिति ने बदली प्रेमनगर सरकारी स्कूल की सूरत, DEO ने की सराहना

गांव प्रेमनगर के राजकीय हाई स्कूल का ग्राम शिक्षा समिति की ओर से सुंदरीकरण कराया गया है। समिति द्वारा लाखों रुपये खर्च कर स्कूल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

भिवानी। गांव प्रेमनगर के राजकीय हाई स्कूल का ग्राम शिक्षा समिति की ओर से सुंदरीकरण कराया गया है। समिति द्वारा लाखों रुपये खर्च कर स्कूल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। बीते दिनों जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. निर्मल दहिया और खंड शिक्षा अधिकारी भिवानी डॉ. अनिल गौड ने गांव के राजकीय हाई स्कूल का दौरा किया और ग्राम शिक्षा समिति द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

दरअसल, गांव के युवा सरपंच राजेश कुमार ने राजकीय स्कूलों की दशा सुधारने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया। इसके तहत जोगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम शिक्षा समिति का गठन किया गया। स्कूल के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी शिक्षा समिति और गांव के पूर्व प्राचार्य रमेश बूरा को सौंपी गई। पूर्व प्राचार्य रमेश बूरा इससे पहले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिताथल को मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण योजना के तहत खंड व जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार दिला चुके हैं। वर्तमान में वह गांव प्रेमनगर स्थित सरकारी स्कूल के सौंदर्यीकरण कार्य में जुटे हुए हैं।

ये कराए शिक्षा समिति ने काम

शिक्षा समिति प्रेमनगर की ओर से गांव के सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए सुंदरीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत विद्यालय परिसर में पेड़-पौधे लगाए गए हैं। साथ ही इन्वर्टर-बैटरी, पंखे लगाए गए हैं और लघु मरम्मत कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा समय-समय पर नशे के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। समिति की ओर से पौधरोपण, पर्यावरण एवं जल संरक्षण तथा विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने का कार्य भी किया जा रहा है। हाल ही में विद्यालय परिसर में रंग-पेंट का कार्य भी कराया गया है।

ग्राम पंचायत और ग्राम शिक्षा समिति प्रेमनगर के राजकीय स्कूलों की दशा सुधारने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर हर संभव प्रयास कर रही है। हाई स्कूल में 45 लाख रुपये की लागत से प्रांगण में इंटरलॉकिंग करवाई जा चुकी है। समिति की ओर से छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर भी कई कदम उठाए गए हैं। – राजेश कुमार, सरपंच प्रेमनगर

हमारा लक्ष्य छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करवाना है। वर्ष 2027 के अंत तक गांव के सभी सरकारी स्कूलों की हालत सुधारकर उनका सुंदरीकरण किया जाएगा। गांव की शिक्षा समिति शिक्षा में गुणात्मक सुधार के साथ-साथ स्वच्छता, पौधारोपण, पर्यावरण एवं जल संरक्षण अभियान चला रही है और नशे के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.