भिवानी: जलभराव से मिलेगी मुक्ति, तोशाम-बवानीखेड़ा के गांवों के लिए 14 करोड़ का बजट मंजूर; जानें ड्रेनेज प्लान

भिवानी के दांगकलां, सागवान और बवानीखेड़ा के गांवों में दशकों पुरानी जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान। सिंचाई विभाग ने 14 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए। जून तक बिछेगी 11,000 फीट लंबी पाइपलाइन और बनेंगे नए पंप हाउस। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

भिवानी। तोशाम व बवानीखेड़ा क्षेत्र के बड़े गांवों में पिछले कई दशकों से बनी बरसाती पानी की निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंचाई विभाग ने करीब 14 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को अमलीजामा पहना दिया है। मुख्यालय से बजट को मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने विभिन्न कार्यों के टेंडर जारी कर दिए हैं। विभाग का दावा है कि इस वर्ष मानसून से पहले जून तक जलभराव संभावित गांवों में पाइप लाइन डालने सहित कई कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।

गांव दांगकलां, दांग खुर्द और सागवान में बोरवेल लगाने के साथ करीब 11,000 फीट लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इन तीनों गांवों में इस बार अत्यधिक बरसाती जलभराव हुआ था। स्थिति यह थी कि प्रशासन को गलियों में छह से सात फीट तक भरे पानी के कारण नाव में बैठकर निरीक्षण करना पड़ा था। पानी की निकासी में करीब चार से साढ़े चार माह का समय लगा। अब इन गांवों के निचले इलाकों में सात से आठ बोरवेल स्थापित कर पाइप लाइन का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इस कार्य पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। बरसाती पानी की निकासी सीधे भिवानी-घग्गर ड्रेन में की जाएगी। इससे पहले पानी को एक पोंड में एकत्रित किया जाएगा।

गांव दांग खुर्द में एक करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से करीब 1900 फीट लंबी पाइप लाइन डालने के कार्य के टेंडर भी जारी किए गए हैं ताकि बरसाती पानी आबादी क्षेत्र में प्रवेश न करे और पाइप लाइन के माध्यम से ड्रेन में निकासी हो सके।

बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव बड़ेसरा में करीब नौ हजार फीट लंबी पाइप लाइन दो करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से डाली जाएगी जिसके टेंडर हो चुके हैं। वहीं गांव घुसकानी में एक करोड़ 47 लाख रुपये के बजट से करीब दो हजार फीट लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस गांव के खेतों से बरसाती पानी की निकासी नजदीकी नहर या ड्रेन में की जाएगी।

इस वर्ष के मानसून में भी बारिश के पानी ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया था। सिंचाई विभाग को खेतों और आबादी क्षेत्र से पानी की निकासी में चार माह तक मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके बाद विभाग ने स्थायी समाधान के लिए योजना तैयार की, जिस पर अब करीब एक पखवाड़े बाद काम शुरू हो जाएगा।

ढाणी रिवासा में बनेगा नया पंप हाउस
बरसाती पानी की निकासी के लिए 42 लाख रुपये की लागत से सिंचाई विभाग ढाणी रिवासा में नया पंप हाउस बनाएगा। यह पंप हाउस आसपास के खेतों से बरसाती पानी की निकासी कैनाल तक करेगा। खेतों के पानी को लिफ्ट करने के उद्देश्य से यह पंप हाउस बनाया जाएगा। बारिश के दौरान ढाणी रिवासा में खेतों में जलभराव की समस्या लगातार बनी रहती है।

बरसाती पानी से भूमि में बढ़ी सेम की समस्या
तोशाम और बवानीखेड़ा क्षेत्र के करीब 25 गांवों में बरसाती जलभराव के कारण लगभग 25 हजार एकड़ भूमि में सेम की समस्या बढ़ गई है। इन खेतों में किसानों की फसलें नष्ट हो चुकी हैं और भूमि दलदली हो गई है, जहां किसानों के ट्रैक्टर तक धंस रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसान किसी भी सीजन में फसल नहीं ले पा रहे हैं।

सिंचाई विभाग ने गांव दांग खुर्द, दांगकलां, सागवान और ढाणी रिवासा के अलावा घुसकानी में बरसाती पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान के तहत पाइप लाइन और बोरवेल से पानी की निकासी के कार्यों के टेंडर कराए हैं। कुछ परियोजनाओं में काम मानसून से पहले पूरा हो जाएगा। दांगकलां, दांग खुर्द और सागवान की परियोजना बड़ी है, इसलिए इसे पूरा होने में थोड़ा समय लगेगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब 15 से 20 दिन बाद इनका काम भी शुरू हो जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.