भिवानी: ढिगावामंडी के पास निजी बस से कुचलकर फैक्ट्री मजदूर की मौत

दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर बस से उतरते समय हादसा। गोलागढ़ निवासी 24 वर्षीय हितेश की पिछले टायर के नीचे आने से मौत। जूईकलां पुलिस ने बस चालक पर दर्ज की FIR।

भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709-ई पर सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे कस्बा ढिगावामंडी के पास एक निजी बस की चपेट में आने से फैक्टरी मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक बस की अगली खिड़की से नीचे उतर रहा था और इसी दौरान चालक ने बस चला दी जिससे वह पिछले टायर के नीचे आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक गांव गोलागढ़ निवासी 24 वर्षीय हितेश है। वह ढिगावामंडी स्थित एक फैक्टरी में वेल्डिंग का काम करता था। सोमवार सुबह नौ बजे वह निजी बस में सवार होकर ड्यूटी के लिए जा रहा था। सवा नौ बजे ढिगावामंडी पहुंचने पर वह बस की अगली खिड़की से उतरने लगा तभी यह हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही जूईकलां पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बस चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल भिवानी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। जूईकलां थाना के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि मृतक के पिता मुंशीराम की शिकायत पर निजी बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हितेश अविवाहित था और वेल्डिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.