भिवानी: बदलते मौसम और धूल से बढ़ी बीमारियां, नागरिक अस्पताल की OPD में मरीजों की भारी भीड़
भिवानी में बदलते मौसम और बढ़ती धूल-मिट्टी ने बढ़ाई श्वसन रोगियों की संख्या। नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. यतिन गुप्ता से जानें एलर्जी और अस्थमा से बचाव के तरीके और जरूरी सावधानियां।
भिवानी। प्रदेश में बदलते मौसम के मिजाज और वातावरण में बढ़ती धूल-मिट्टी का असर अब आमजन की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में एलर्जी, नजला-जुकाम और श्वास संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या में इन दिनों भारी इजाफा हुआ है। अस्पताल की फिजिशियन ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 350 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या धूल से होने वाली एलर्जी और श्वास संक्रमण से ग्रस्त लोगों की है।