भिवानी: बामला में PNB बैंक की ग्रिल काटकर चोरी का प्रयास, DVR लेकर फरार हुए चोर

भिवानी के बामला गाँव में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में चोरों ने लोहे की ग्रिल काटकर अंदर घुसने की कोशिश की। चोर बैंक से सीसीटीवी की डीवीआर (DVR) उखाड़कर ले गए। खरक पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भिवानी। गांव बामला में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोरों ने लोहे की ग्रिल काटकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन चोर अंदर नहीं घुस पाए। सुबह 10 बजे जब बैंककर्मी शाखा पहुंचे तो जंगले की ग्रिल कटी हुई मिली। बैंक मैनेजर रेखा ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खरक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि बैंक में चोरी हुई है या नहीं, यह जांच के बाद ही पता लग सकेगा।

पंजाब नेशनल बैंक शाखा में चोरी के प्रयास की सूचना के बाद अज्ञात चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आस-पास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। चोर अपने साथ बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर उखाड़कर अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने मौके पर एक पेचकस मिला, जिससे डीवीआर उखाड़ा गया है। वहीं खरक पुलिस चौकी इंचार्ज धर्म सिंह ने बताया कि गांव बामला बैंक में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की है। चोरों का पता लगाने के लिए आस-पास क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.