भिवानी: मनीषा मौत मामले में न्याय के लिए ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, 28 फरवरी को बड़ी खाप पंचायत की चेतावनी

भिवानी के ढाणी लक्ष्मण की बेटी मनीषा मौत प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर लोहारू एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात और निष्पक्ष जांच की मांग की है। कार्रवाई न होने पर 28 फरवरी को बुढ़ेड़ा कन्नी में 52-84 खाप की महापंचायत बुलाने की चेतावनी दी है।

भिवानी। ढाणी लक्ष्मण की बेटी मनीषा के मौत प्रकरण के शीघ्र खुलासे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को लोहारू स्थित एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से जल्द मुलाकात करवाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन में बताया गया कि पांच फरवरी को बुढ़ेड़ा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा था और इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया था लेकिन अब तक मुलाकात का समय निर्धारित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से आग्रह किया कि उन्हें शीघ्र मुख्यमंत्री से मिलवाया जाए और मनीषा मौत प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जल्द खुलासा किया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो 28 फरवरी को बुढ़ेड़ा कन्नी में पंचायत बुलाई जाएगी। पंचायत में 52-84 खाप सहित हरियाणा स्तर की बड़ी पंचायत आयोजित करने पर विचार किया जाएगा और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी प्रशासन और शासन की होगी। एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपने वालों में मेवा सिंह आर्य, जयसिंह, आजाद सिंह भुंगला, सिंभूराम सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.