भिवानी में ई-वाहन चार्जिंग की टेंशन खत्म: जिले में 24 स्टेशनों का हुआ आगाज, मात्र 20 मिनट में 80% होगी बैटरी चार्ज

भिवानी में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 24 नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। विद्यानगर स्थित जश्न फिलिंग स्टेशन से पहले स्टेशन का शुभारंभ हुआ। अब ई-वाहन चालक नेशनल और स्टेट हाईवे पर मात्र 20 मिनट में अपनी कार को 80% चार्ज कर सकेंगे। जानें पूरी सुविधा और एप डिटेल्स।

भिवानी। जिले में पहले ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन के शुभारंभ के साथ ही अब लंबी ई-ड्राइव की चिंता दूर हो गई है। शहर के साथ ही एनएच और स्टेट हाईवे पर प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ई-चार्जिंग स्टेशन लगाए जा चुके हैं। जिले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा कुल 24 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों को मशीन संचालन का प्रशिक्षण देने के बाद वीरवार से कंपनी की ओर से जिले के पहले चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ कर दिया गया। प्रदेश में अक्तूबर से दिसंबर के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए ई-वाहनों के बेड़े में वृद्धि की जा रही है। पेट्रोल पंपों पर स्थापित इन चार्जिंग स्टेशनों के माध्यम से ई-वाहन चालकों को बीच रास्ते में चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। इन स्टेशनों के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से ई-चार्जिंग कनेक्शन दिए गए हैं। इन चार्जिंग स्टेशनों पर केवल चार पहिया ई-वाहन ही चार्ज हो सकेंगे जबकि ई-रिक्शा और ई-स्कूटी की चार्जिंग की सुविधा नहीं होगी। प्रत्येक स्टेशन पर एक समय में दो वाहनों को चार्ज करने की व्यवस्था है।

विद्यानगर में महम रोड स्थित जश्न फिलिंग स्टेशन पर हुआ शुभारंभ

शहर के विद्यानगर में महम रोड पर गोशाला के पास स्थित जश्न फिलिंग स्टेशन पर स्थापित चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के राज्य रिटेल हेड अभिषेक शर्मा, हिसार डिविजन हेड गौरव कुमार और भिवानी जिला सेल्स अधिकारी संदीप कुमार द्वारा किया गया। ई-चार्जिंग स्टेशन पर वाहन 20 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकेंगे। चार्जिंग मशीन के लिए अलग से विशेष बिजली लाइन बिछाई गई है। तेल कंपनियां अपना एप्लीकेशन भी लॉन्च कर चुकी हैं, जिसके माध्यम से वाहन चालक मोबाइल फोन पर एप डाउनलोड कर नजदीकी चार्जिंग स्टेशन तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा गूगल मैप पर ‘ऑल चार्जिंग स्टेशन नियर मी’ सर्च कर भी स्टेशन की लोकेशन प्राप्त की जा सकती है।

इंडियन ऑयल कंपनी की ओर से पेट्रोल पंप पर ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद वीरवार को चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ हो चुका है। अब ई-वाहन चालक अपने वाहनों को यहां चार्ज कर सकते हैं। इंडियन ऑयल कंपनी के राज्य रिटेल हेड अभिषेक शर्मा व अन्य अधिकारियों द्वारा चार्जिंग स्टेशन का शुभारंभ किया गया। इन स्टेशनों पर वाहन 20 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.