भिवानी में राष्ट्रव्यापी हड़ताल की गूंज: रोडवेज, शिक्षा बोर्ड और बिजली कर्मियों का प्रदर्शन, जानें क्या हैं मांगें
भिवानी में ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर रोडवेज, शिक्षा बोर्ड और बिजली विभाग सहित कई संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 26000 न्यूनतम वेतन, लेबर कोड रद्द करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांगों को लेकर नेहरू पार्क में जुटे हजारों कर्मचारी।
भिवानी। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर वीरवार को मजदूर, कर्मचारियों, परियोजना कर्मियों ने शहर में पुराना बस अड्डा तक जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। बिजली बोर्ड, शिक्षा बोर्ड, नगरपालिका, रोडवेज, व अन्य सरकारी विभागों, भवन निर्माण, मनरेगा, आंगनबाडी, आशा, मिड डे मील कर्मियों, वन मजदूरों, ग्रामीण चौकीदारों, सफाई कर्मियों ने जुलूस निकाल कर नेहरू पार्क में इकट्ठा हुए व रोष सभा की। रोष प्रदर्शन व सभा की संयुक्त अध्यक्षता सीटू से सुशीला सरोहा, सर्व कर्मचारी संघ से सुमेर आर्य, इंटक से कृष्ण बड़सी, एआईयूटीयूसी से राजकुमार बसिया, राष्ट्रीय कामगार संघ से मंजू भानगढ़ ने व संचालन सीटू नेता सदीक डाढ़म व सर्व कर्मचारी संघ नेता धर्मवीर भाटी ने किया।