भिवानी में लेबर कोड के खिलाफ ‘काला दिवस’: ट्रेड यूनियनों ने फूंकी प्रतियां

भिवानी में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों का हल्लाबोल। लेबर कोड के विरोध में मनाया काला दिवस, नेहरू पार्क से घंटाघर तक प्रदर्शन कर जलायीं प्रतियां।

भिवानी। लेबर कोड लागू किए जाने के विरोध में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों ने बुधवार को काला दिवस मनाते हुए नेहरू पार्क में एकत्र होकर रोष प्रदर्शन किया और घंटाघर चौक पर लेबर कोड की प्रतियां जलाकर इसे निरस्त करने की मांग उठाई। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में मजदूरों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता सीटू नेता सदीक डाढ़म, इंटक नेता रामोतार खोरड़ा, एआईयूटीयूसी नेता धर्मबीर सिंह और सर्व कर्मचारी संघ नेता सुमेर आर्य ने की जबकि मंच संचालन सीटू नेता कामरेड अनिल कुमार ने किया। काला दिवस को संयुक्त किसान मोर्चा के घटक किसान सभा, एआईकेकेएमएस, रिटायर्ड कर्मचारी संघ और जनवादी महिला समिति के नेताओं का भी समर्थन मिला। इस दौरान ट्रेड यूनियनों, कर्मचारी संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा ने ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों के लिए उचित मुआवजा देने, किसान आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों के नोटिस वापस लेने तथा उड़ीसा के किसान नेता प्रकाश मलिक की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए मुकदमे निरस्त करने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि लेबर कोड लागू होने पर काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 10 से 12 घंटे किए जा रहे हैं, यूनियन बनाने के अधिकार को समाप्त किया जा रहा है और न्यूनतम वेतन व स्थायी रोजगार की जगह अस्थायी रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लेबर कोड के जरिए मजदूरों को कॉरपोरेट के अधीन करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम को सीटू नेता अनिल कुमार, इंटक नेता रामोतार खोरड़ा, सर्व कर्मचारी संघ नेता सुमेर आर्य, एआईयूटीयूसी नेता धर्मबीर और किसान सभा नेता कामरेड ओमप्रकाश ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भीम सिंह, महावीर चांग, सुखदेव पालवास, अशोक गोयत और पवन शेखावत उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.