भिवानी रोडवेज: 47 हजार नए हैप्पी कार्ड पहुंचे, 1000 KM फ्री सफर का रास्ता साफ

भिवानी डिपो में 47,000 से अधिक नए हैप्पी कार्ड पहुंचे। अंत्योदय परिवारों को मिलेगी सालाना 1000 KM फ्री बस यात्रा। जानें कब और कैसे शुरू होगा कार्ड वितरण।

भिवानी। डेढ़ साल बाद जिले में 47,000 से अधिक नए हैप्पी कार्ड रोडवेज विभाग के पास पहुंच गए हैं जिससे अब तक योजना से वंचित पात्र लोगों को जल्द ही निशुल्क सफर की सुविधा मिल सकेगी। मुख्यालय से ओटीपी संबंधित नंबर मिलते ही कार्ड वितरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। रोडवेज बसों में हैप्पी कार्ड योजना के तहत अंत्योदय परिवारों को प्रति वर्ष एक हजार किलोमीटर निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाती है।

योजना के तहत पहले चरण में जिले के 92,000 अंत्योदय परिवारों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जा चुके थे। इसके बाद वंचित पात्र लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे जिनके कार्ड अब बनकर विभाग के पास पहुंच गए हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार भिवानी डिपो में 31,189 तोशाम सब डिपो में 6000 और लोहारू सब डिपो में 10,000 हैप्पी कार्ड पहुंचे हैं। कार्ड वितरण के लिए बस स्टैंड परिसर में विशेष काउंटर बनाए गए हैं।

लाभार्थियों को कॉल कर दी जाएगी सूचना
रोडवेज विभाग कार्यालय में सितंबर 2024 में अंतिम बार हैप्पी कार्ड पहुंचे थे। इसके बाद से श्रेणी में आने वाले आवेदकों को योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने के बाद विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। लेकिन हैप्पी कार्ड जारी करने की साइट बंद होने के कारण

लोगों के हैप्पी कार्ड नहीं बन पाए थे जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब मुख्यालय की ओर से सभी वंचितों के कार्ड बनाकर भेज दिए गए हैं। रोडवेज अधिकारियों द्वारा लाभार्थियों तक हैप्पी कार्ड पहुंचाने के लिए कार्ड पर लिखे फोन नंबर पर सूचना दी जाएगी ताकि काउंटर पर लगने वाली भीड़ से बचा जा सके।

नए हैप्पी कार्ड डिपो में पहुंच चुके है। अब वितरण प्रक्रिया के लिए मुख्यालय से हैप्पी कार्डों के ओटीपी संबंधी नंबर आने के बाद कार्ड वितरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। पात्र लोग बस स्टैंड से हैप्पी कार्ड प्राप्त कर सकते है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.