यमुनानगर: छछरौली में वन विभाग की टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, खैर की 45 लकड़ियां बरामद

यमुनानगर के छछरौली में खैर माफियाओं का दुस्साहस! वन विभाग की टीम को कुचलने का प्रयास, घेराबंदी कर पकड़ी खैर की 45 लकड़ियां। चार आरोपियों पर केस दर्ज, तलाश जारी।

यमुनानगर : यमुनानगर में खैर की लकड़ी की तस्करी करने वाले माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला है।  छछरौली क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर खैर माफियाओं ने मिनी पिकअप चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की। यह घटना उस समय हुई जब वन विभाग की टीम ने कोट गांव के पास चौकी के नजदीक नाका लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की थी।

छछरौली रेंज के अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि जैसे ही माफियाओं ने नाका देखा। उन्होंने भागने की कोशिश की और इसी दौरान वन विभाग के कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि टीम की सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा टल गया। वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए एक मिनी बस को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें से खैर की करीब 45 बेशकीमती लकड़ियां बरामद की गईं।

उन्होंने बताया कि ये लकड़ी जाटावाला गांव से बाजार में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। वन विभाग की सख्ती बढ़ते देख आरोपी मौके से वाहन छोड़कर लेदी गांव के पास फरार हो गए। इस पूरे मामले में छछरौली वन विभाग के रेंजर बलजीत सिंह की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सवाल यह है कि आखिर कब तक इस तरह के खैर माफिया कानून को चुनौती देते रहेंगे और वन संपदा को नुकसान पहुंचाते रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.