रेवाड़ी होटल में गुरुग्राम के युवक ने दी जान, चेकआउट न करने पर खुला राज

रेवाड़ी के रेलवे रोड स्थित होटल में गुरुग्राम के 24 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या। कमरे का दरवाजा तोड़कर घुसी पुलिस। जेब से मिली बाइक पार्किंग की पर्ची बनी अहम सुराग।

रेवाड़ी : रेवाड़ी शहर के रेलवे रोड स्थित एक होटल में गुरुग्राम के 24 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। युवक के निर्धारित समय पर चेकआउट न करने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां युवक फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गुरुग्राम जिले के गांव खेड़की निवासी 24 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नरेश सुबह करीब 10 बजे रेलवे रोड स्थित होटल में पहुंचा था। उसने कमरा नंबर 405 लिया था और उसे शाम तक होटल छोड़ना था। लेकिन तय समय तक चेकआउट न करने पर होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के अंदर नरेश अंगौछे के फंदे से लटका मिला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने बेड पर स्टूल रखकर फंदा लगाया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नरेश सुबह अपने गांव से बाइक पर निकला था। उसने धारूहेड़ा में एक पार्किंग स्थल पर बाइक खड़ी की, जिसकी पर्ची उसकी जेब से बरामद हुई। इसके बाद वह रेवाड़ी पहुंचा और होटल में कमरा किराए पर लेकर यह कदम उठा लिया। युवक के पास से मिली बाइक पार्किंग की पर्ची पुलिस के लिए अहम सुराग मानी जा रही है। घटना के बाद शहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन रेवाड़ी नहीं पहुंच पाए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.