रोहतक: नेशनल पहलवान को बुखार में लगा दिया बेहोशी का इंजेक्शन, 6 दिन से बोल नहीं पा रहे विजय लांबा

रोहतक में बड़ी लापरवाही: नेशनल पहलवान विजय लांबा को बुखार की जगह लगा दिया बेहोशी का इंजेक्शन (Atracurium Besylate)। 6 दिन बाद भी हालत गंभीर। फार्मासिस्ट पर FIR दर्ज।

रोहतक: बुखार होने पर फार्मासिस्ट ने राष्ट्रीय स्तर के पहलवान राजस्थान के नीमकाथाना जिले के गांव सिरोही निवासी विजय लांबा (21) को 11 मार्च को बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया। उन्हें तीन दिन बाद होश आया है। वह छह दिन बाद भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने उनके बड़े भाई अजय के बयान पर हेल्थ कॉर्नर के फार्मासिस्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस को दी शिकायत में अजय ने बताया उनका छोटा भाई विजय लांबा राजस्थान का राष्ट्रीय स्तर का पहलवान है। तीन बार जूनियर तो दो चार सीनियर वर्ग में राजस्थान की तरफ से राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका है। डेढ़ साल से रोहतक की देव कॉलोनी स्थित मेहर सिंह अखाड़े में अभ्यास करता है। अजय ने बताया कि 11 मार्च को विजय को हल्का बुखार था। उनके शरीर में दर्द हो रहा था। विजय को उनका दोस्त अनुज दवाई दिलाने के लिए हेल्थ कॉर्नर फार्मेसी पर ले गया।

विजय की हालत अब भी खराब है। तीन दिन बाद उन्हें होश आया। छह दिन बाद भी वह बोलने की हालत में नहीं हैं। डॉक्टरों ने उन्हें अनफिट करार दिया है। अजय का कहना है कि उन्होंने डॉक्टरों से बात की। पता चला है कि एट्रैक्यूरियम बेसिलेट इंजेक्शन केवल अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट पा प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवरों के ओर से ही दिया जा सकता है। डॉक्टरों ने उन्हें बताया है कि इसके लगाने से ब्लड प्रेशर कम होना, त्वचा का फड़कना, घबराहट होना शामिल हैं।

फार्मेसी स्टोर संचालक ने विजय को एट्रैक्यूरियम बेसिलेट (बेहोशी) का इंजेक्शन लगा दिया। यह ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की ओर से शरीर को स्थिर करने के लिए प्रयोग किया जाता है। इससे उनका भाई बेहोश हो गया। पहले उन्हें पीजीआई ले जाया गया जहां से परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.