लोहारू कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े फायरिंग: बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला, इलाके में दहशत।

भिवानी न्यायालय परिसर में फायरिंग की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था

भिवानी। भिवानी न्यायालय परिसर में फायरिंग की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बुधवार को दिनदहाड़े लोहारू कोर्ट परिसर के बाहर पेशी के बाद लौट रहे नकीपुर के युवक संदीप पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आ गया। इस हमले ने एक बार फिर न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। अदालत में पेशी के बाद इस तरह की वारदात न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चेतावनी है।

जानकारी के अनुसार गांव नकीपुर निवासी संदीप का दो महीने पहले कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था जिसका मामला लोहारू एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले की पेशी पर संदीप बुधवार को लोहारू एसडीएम कार्यालय पहुंचा था। पेशी समाप्त होने के बाद जैसे ही वह अपने गांव की ओर लौटने लगा कोर्ट परिसर के बाहर बाइक पर सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। गंभीर रूप से घायल संदीप को डायल 112 की मदद से लोहारू उप नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए भिवानी के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घायल संदीप ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले युवक वही हैं जिनसे उसका पुराना विवाद चल रहा है। उसके अनुसार यह हमला पूरी तरह रंजिश के तहत और जान से मारने की नीयत से किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही भिवानी कोर्ट में पेशी पर आए एक व्यक्ति पर फायरिंग की घटना हो चुकी है। अदालत परिसरों के बाहर लगातार हो रही हिंसक वारदातें यह साबित कर रही हैं कि न तो आरोपियों में कानून का डर है और न ही न्यायालयों के आसपास कोई प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था। अदालत में पेशी पर आने वाले फरियादी, गवाह और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सवाल यह है कि जब कोर्ट परिसर के बाहर ही सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है तो न्याय पाने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में भारी रोष है। लोगों ने न्यायालय परिसरों में स्थायी पुलिस तैनाती करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है।
इस बारे में लोहारू पुलिस थाने के एसएचओ जरनैल सिंह ने कहा कि गांव नकीपुर निवासी संदीप के साथ हुई मारपीट की घटना की गहनता से जांच की जा रही है। इस हमले का कारण दो महीने पहले नकीपुर गांव में हुई आपसी कहासुनी है जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और उस समय पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसी विवाद से जुड़े एक मामले में बुधवार को हमला करने वाले युवक के पिता के साथ भी मारपीट हुई थी जिसमें संबंधित पक्ष की जमानत करवाई गई थी। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.