लोहारू: तिकोना पार्क में दयनीय हालत में मिले बुजुर्ग रोहताश, डायल 112 और जागरूक नागरिकों ने परिवार से मिलाया

लोहारू के तिकोना पार्क में वर्षों से लापता बुजुर्ग रोहताश अत्यंत दयनीय अवस्था में मिले। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर डायल 112 और बहल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया।

लोहारू। गांव कासनी कला खुर्द निवासी रोहताश जो पिछले कई वर्षों से अज्ञात कारणों के चलते अपने घर से बाहर रह रहे थे। हाल ही में लोहारू के तिकोना पार्क में अत्यंत दयनीय अवस्था में पाए गए। सूचना पर पुलिस टीम ने परिजनों से संपर्क साधकर उनको सौंपा।

बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से पार्क में ही रह रहे थे और उनका खान-पान व रहने का कोई स्थायी प्रबंध नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार वे भिखारी जैसी स्थिति में जीवन व्यतीत कर रहे थे। इस दौरान लोहारू के निजी कार चालकों की नजर उक्त बुजुर्ग पर पड़ी। मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी कि तिकोना पार्क में एक बुजुर्ग व्यक्ति कई दिनों से असहाय अवस्था में रह रहा है, जिसका कोई परिजन आसपास दिखाई नहीं दे रहा। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात इंचार्ज जयवीर ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बहल थाना प्रभारी संजय कुमार से संपर्क कर पूरी जानकारी दी।

थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव कासनी कला खुर्द में संभावित परिजनों से संपर्क साधा। आवश्यक पुष्टि के बाद परिवारजनों को सूचना दी गई। इसके उपरांत डायल 112 इंचार्ज एएसआई जयवीर, सिपाही अमित तथा एसपीओ राजकुमार की मौजूदगी में परिवार से पहुंचे विकास पुत्र राजेंद्र और नरेश पुत्र इंद्रसिंह को बुजुर्ग रोहताश को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन और सूचना देने वाले जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते सूचना न मिलती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब वे रोहताश की देखभाल पूरी जिम्मेदारी से करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.