हरियाणा कांग्रेस का बड़ा एक्शन: गद्दार विधायकों पर 3 अप्रैल को फैसला, राव नरेन्द्र का हमला

हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह का भाजपा पर प्रहार। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 विधायकों पर 3 अप्रैल को होगी बड़ी कार्रवाई। जानें पूरा मामला।

भिवानी। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने राज्यसभा चुनावों में भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या करने और विधायकों को तोड़ने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वाले विधायकों को बख्शा नहीं जाएगा और तीन अप्रैल को अनुशासन कमेटी की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।

राव नरेन्द्र सिंह भिवानी में पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में जंगबीर सिंह के जीवन को सराहा और उनके निधन को बड़ी क्षति बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनावों में भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की जिससे पूरे देश में उसकी बदनामी हो रही है। भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को तोड़ने के लिए घिनौना खेल खेला और धनबल के सहारे बाहुबली उम्मीदवार को खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को पद और पैसे का लालच दिया गया।

भिवानी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा पैसे के लालच से इन्कार करने के सवाल पर राव नरेन्द्र ने कहा कि लालच दिया गया लेकिन संभव है कि हुड्डा जी को इसकी जानकारी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा चुनावों में पार्टी से गद्दारी करने वाले पांच विधायकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और तीन अप्रैल को अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने के बाद निर्णय लिया जाएगा।

राज्यसभा सदस्य किरण द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए भेदभाव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे और लच्छेदार भाषणों से लोगों को गुमराह किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वोट चोरी की गई, अन्यथा हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनना तय था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.