हरियाणा: बोर्ड मार्किंग ड्यूटी पर शिक्षकों का कड़ा रुख, मानदेय बढ़ाने की मांग

हरियाणा स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन (सलाह) ने शिक्षा बोर्ड को सौंपा ज्ञापन। 10वीं-12वीं की मार्किंग ड्यूटी का मानदेय बढ़ाने और केंद्रों पर सुविधाएं सुधारने की मांग।

भिवानी। हरियाणा के सरकारी स्कूलों के प्रवक्ताओं की मार्किंग ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह) ने शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगें उठाईं और समाधान की मांग की।

एसोसिएशन ने कक्षा 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों को आने वाली दिक्कतों से अध्यक्ष को अवगत कराया। सलाह के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजबीर शर्मा धारेडू ने कहा कि यदि बोर्ड ने शिक्षकों की जायज मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया तो शिक्षकों में भारी रोष उत्पन्न होगा।

उन्होंने बताया कि लंबे समय से मार्किंग ड्यूटी का मानदेय नहीं बढ़ाया गया है जिसे महंगाई के अनुरूप तुरंत बढ़ाया जाना चाहिए। इसके अलावा एक ही स्कूल में 50 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाने से शैक्षणिक कार्य प्रभावित होता है इसलिए इसमें छूट दी जानी चाहिए। शिक्षकों की ड्यूटी उनके अपने उपमंडल के बाहर न लगाई जाए ताकि उन्हें लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

एसोसिएशन ने यह भी मांग रखी कि मार्किंग केंद्रों पर बिजली, पंखे और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। धारेडू ने कहा कि भीषण गर्मी में बिना पंखे के शिक्षकों से काम लेना उचित नहीं है। साथ ही मार्किंग केंद्रों पर चाय-पानी के लिए मिलने वाली राशि को बढ़ाकर 50 रुपये किया जाए।

सलाह के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजबीर शर्मा धारेडू ने कहा कि मार्किंग का समय सुबह 9 बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक निर्धारित किया जाए ताकि शिक्षक समय पर घर पहुंच सकें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यदि कोई स्कूल सीबीएसई से हरियाणा बोर्ड में स्थानांतरित होना चाहता है तो उसे केवल स्कूल कमेटी के लेटरहेड के आधार पर अनुमति दी जाए।

दोनों पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बोर्ड प्रशासन से मांग की कि इन मुद्दों पर चर्चा के लिए जल्द बैठक का समय दिया जाए ताकि मूल्यांकन कार्य सुचारू और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीबी गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सज्जन तंवर और प्रदेश सचिव देवेंद्र अत्री मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.