हरियाणा में मौसम ने बदली करवट: भिवानी, हिसार और सिरसा समेत कई जिलों में बूंदाबांदी, 16 फरवरी से फिर बारिश के आसार
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल गया है। हिसार, भिवानी और सिरसा में बूंदाबांदी के साथ ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग ने 16 और 17 फरवरी को फिर से बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। जानिए अपने शहर का तापमान।
हरियाणा : हरियाणा में बीती देर रात से मौसम बदल गया। भिवानी, हिसार, हांसी, सिरसा, रेवाड़ी, झज्जर व आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबादी हुई। तेज हवाएं चलने से ठंड महसूस हो रही है। वहीं राज्य में औसत अधिकतम तापमान में मंगलवार को करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 13 जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इनमें अंबाला, हिसार, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम में दर्ज किया गया।
प्रदेश में 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इससे राज्य में 16 फरवरी की रात व 17 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहने तथा हवाएं व गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।