हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: 33.78 करोड़ से खरीदी जाएंगी 70 एडवांस्ड एंबुलेंस, मोबाइल ICU की तरह होंगी लैस

हरियाणा सरकार ने 33.78 करोड़ रुपये की लागत से 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस खरीदने को मंजूरी दी है। ये एंबुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होकर 'मोबाइल ICU' के रूप में काम करेंगी, जिससे सड़क हादसों और हृदय रोगों के मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने प्रदेश में आपात चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस की खरीद को मंजूरी दे दी है, जिन पर करीब 33.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ये सभी एंबुलेंस अगले कुछ महीनों में प्रदेश को उपलब्ध हो जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन अत्याधुनिक एंबुलेंस को प्राथमिक तौर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से जुड़े जिलों में तैनात किया जाएगा, जहां आपात मामलों की संख्या अधिक रहती है। इसके साथ ही विभाग द्वारा कुछ एंबुलेंस सेवाओं को आउटसोर्स करने की भी योजना है, जिन्हें अन्य जिलों में तैनात किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि भविष्य में प्रदेश के हर जिले में कम से कम पांच से छह एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होंगी एंबुलेंस

बताया गया है कि इन एंबुलेंस की खरीद को स्पेशल हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में स्वीकृति दी गई थी। ये एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होंगी और इन्हें मोबाइल आईसीयू के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही इन एंबुलेंस में उन्नत जीवन रक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं, हृदय रोग और अन्य गंभीर आपात मामलों में मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.