हिसार के नगथला बैंक से 27.92 लाख रुपये चोरी का मामला सामने आया है.
हिसार के नगथला बैंक से 27.92 लाख रुपये चोरी का मामला सामने आया है.
हिसार: हिसार के अग्रोहा क्षेत्र के नगथला गांव में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक से चोरों ने तिजोरी में रखे 27.92 लाख रुपये की चोरी कर ली. पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले में डीएसपी किशोरी लाल ने बताया कि, “प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.”
चोरों ने धुंध का फायदा उठाया: घटना बैंक के पीछे हुई, जहां से सेंध बनाकर चोरों ने दीवार तोड़कर स्ट्रांग रूम में प्रवेश किया. बैंक मैनेजर अंकित कुंडू ने बताया कि, “यह वारदात महीने के दूसरे शनिवार-रविवार की रात लगभग 12 बजे हुई, जब बैंक बंद था. चोरों ने धुंध का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया. बैंक के पास शराब की खाली बोतलें, गिलास और नमकीन के पैकेट भी मिले हैं.”
सीसीटीवी में कैद चोरी की वारदात: थाना प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि, “सीसीटीवी फुटेज में एक चोर देखा गया है. फुटेज कुछ सेकंड की ही मिली है. मौके से टूटा हुआ ब्लेड भी बरामद हुआ. स्ट्रांग रूम में 50 हजार रुपये की गड्डी छोड़ दी गई, जबकि बाकी नोट 500, 200 और 100 रुपये के बंडल में थे. अनुमान है कि 5-6 लोग इस वारदात में शामिल थे. पुलिस क्षेत्र के आस-पास के घरों और अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं. जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगा.”
पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी ने संदिग्ध गतिविधि देखी हो या जानकारी हो तो तुरंत थाना में सूचित करें.