Chitrakoot Defense Corridor: BEL लगाएगी यूनिट, बुंदेलखंड में 562 करोड़ का निवेश

चित्रकूट डिफेंस कॉरिडोर को मिली रफ्तार! CM योगी ने BEL को सौंपी 75 हेक्टेयर जमीन। 562.5 करोड़ के निवेश से बनेंगे राडार और एयर डिफेंस सिस्टम। युवाओं को मिलेगा रोजगार।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में बन रहे डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को बड़ी गति मिली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) को 75 हेक्टेयर जमीन का आवंटन पत्र सौंपा. इस मौके पर BEL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज जैन भी मौजूद रहे. सरकार के मुताबिक, यह कदम चित्रकूट डिफेंस नोड के विकास में अहम माना जा रहा है.

562.5 करोड़ का निवेश, 300 से ज्यादा नौकरियां

BEL यहां करीब 562.5 करोड़ रुपये का निवेश कर अत्याधुनिक रक्षा निर्माण यूनिट लगाएगी. इस यूनिट में राडार और एयर डिफेंस सिस्टम तैयार किए जाएंगे. इससे 300 से ज्यादा लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा, जबकि आसपास के क्षेत्रों में अप्रत्यक्ष रूप से और भी रोजगार के अवसर बनेंगे.

बुंदेलखंड में बढ़ेगा उद्योग और रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी. स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने से पलायन भी कम होगा. उन्होंने यह भी कहा कि चित्रकूट, जो अब तक अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता था, अब रक्षा निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में भी उभर रहा है.

आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा बल

सरकार का मानना है कि इस प्रोजेक्ट से आत्मनिर्भर भारत मिशन को मजबूती मिलेगी. देश में ही रक्षा उपकरण बनने से आयात पर निर्भरता घटेगी और स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, इस परियोजना से छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) को भी फायदा होगा और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे. चित्रकूट डिफेंस नोड में BEL की एंट्री उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.