2 फरवरी तक बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज के साथ बारिश और बूंदाबांदी की चेतावनी
लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद मौसम वैज्ञानिकों ने 29 जनवरी से मौसम बदलने की संभावना जताई है।
भिवानी। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद मौसम वैज्ञानिकों ने 29 जनवरी से मौसम बदलने की संभावना जताई है। आगामी 30 जनवरी से 2 फरवरी तक गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. देवीलाल ने बताया कि इन दिनों न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है जो आने वाले दिनों में बढ़कर 10 डिग्री तक पहुंच सकता है जबकि दिन में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
डॉ. देवीलाल ने कहा कि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में आने वाले दिनों में बढ़ोतरी होगी और हल्की चमक के साथ आगामी 2 फरवरी तक हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। किसान घन सिंह, शेर सिंह, महावीर और कर्मवीर ने बताया कि बरसात से फसलों को फायदा हुआ है। हालांकि हल्की ओलावृष्टि से सरसों की फसल को कुछ जगह नुकसान भी हुआ। अभी तक सरकार और प्रशासन ने जिन क्षेत्रों में किसानों को फसल नुकसान हुआ है, उसका आंकलन नहीं किया है।