सहारनपुर: मदरसे में मासूम पर बरसीं 42 लाठियां, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल

सहारनपुर के गंगोह में मदरसे के बच्चे की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल। आरोप है कि मौलाना ने बच्चे पर 42 बार छड़ी से वार किए। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच।

सहारनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला कथित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो गंगोह क्षेत्र के एक मदरसे का है, जहां एक मासूम बच्चे को बेरहमी से पीटा जा रहा है.

वायरल वीडियो के आधार पर आरोप है कि मदरसे में मौजूद एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग मौलाना बता रहे हैं, बच्चे के साथ क्रूरता की सारी हदें पार करता नजर आ रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बच्चे के पैरों को पकड़कर उसे उल्टा कर देता है, जबकि दूसरा व्यक्ति हाथ में छड़ी लेकर लगातार उस पर वार करता दिखाई देता है.

बच्चे पर मौलाना ने किए 42 बार वार

आरोप है कि बच्चे पर करीब 42 बार छड़ी से वार किया गया. इस दौरान बच्चा दर्द से चीखता-चिल्लाता हुआ नजर आता है और बार-बार रहम की गुहार लगाता है, साथ ही माफी मांगता भी दिखाई देता है, लेकिन मौलाना का दिल नहीं पसीजता. वह लगातार बच्चे की पिटाई करता रहा.

सख्त कार्रवाई की मांग

हैरानी की बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान एक तीसरा व्यक्ति भी मौके पर मौजूद दिखाई देता है, जो इस कथित अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

वहीं, पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि घटना कब और कहां की है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वीडियो को सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.