गन्नौर: नीदरलैंड में माजरी के युवक की हादसे में मौत, शव लाने को सरकार से गुहार

गन्नौर के माजरी गांव के 23 वर्षीय सागर राणा की नीदरलैंड में पेड़ काटते समय गिरने से मौत। कर्ज में डूबा परिवार बेटे का शव भारत लाने के लिए सरकार से मांग रहा मदद।

गन्नौर : बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश गए माजरी गांव के युवक की नीदरलैंड में दर्दनाक हादसे के दौरान मौत हो गई। आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार अब बेटे के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है।

माजरी निवासी 23 वर्षीय सागर राणा करीब डेढ़ वर्ष पहले टूरिस्ट वीजा पर फ्रांस गया था। परिजनों के अनुसार वहां मन मुताबिक काम न मिलने के कारण वह जनवरी 2026 में नीदरलैंड चला गया, जहां काफी समय तक रोजगार की तलाश करता रहा। बाद में उसे एक व्यक्ति के यहां पेड़ काटने का काम मिला। परिवार के अनुसार 21 मार्च को सागर एक मकान में पेड़ काटने के दौरान सीढ़ी पर खड़ा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन तक उपचार चला, लेकिन 25 मार्च को उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि सागर 12वीं के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था। उसे विदेश भेजने के लिए पिता ने जमीन बेच दी और इसके अलावा 20 से 25 लाख रुपये का कर्ज भी लिया। वर्तमान में परिवार की हालत बेहद कमजोर है और वे किराये के वाहन चलाकर किसी तरह गुजारा कर रहे हैं। सागर का पार्थिव शरीर अभी नीदरलैंड में ही है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार उसे भारत नहीं ला पा रहा है। ग्रामीण और रिश्तेदार मदद के लिए आगे आए हैं, लेकिन पर्याप्त राशि न जुट पाने के कारण अंतिम संस्कार अपने गांव में करना मुश्किल हो रहा है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.