“मैं CM क्यों नहीं बन सकती?” आरती सिंह राव का बड़ा बयान, रेवाड़ी अस्पताल पर एक्शन

रेवाड़ी अस्पताल की टंकी में कीड़े मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सख्त। पीएमओ पर गिर सकती है गाज। वहीं सीएम पद को लेकर दिया बड़ा राजनीतिक बयान।

रेवाड़ी  : रेवाड़ी जिले के नागरिक अस्पताल की पानी की टंकी में कीड़े मिलने के मामले में मीडिया रिपोर्ट का बड़ा असर देखने को मिला। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के पीएमओ को प्राथमिक रूप से जिम्मेदार ठहराया और स्पष्ट कहा कि पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट सामने आते ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में अस्पताल की टंकी का ढक्कन खुला मिलने और पानी में लार्वा जैसे कीड़े दिखाई देने का मामला सुर्खियों में रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं पर भी बेबाक प्रतिक्रिया दी।

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह के अहीरवाल से मुख्यमंत्री नहीं बनने संबंधी बयान पर उन्होंने पहले संयमित रुख अपनाते हुए कहा कि वह इस बयानबाजी के बीच नहीं आना चाहतीं। हालांकि बाद में उन्होंने संकेतों में बड़ा जवाब देते हुए कहा कि लोगों के जो दिल में है। वहीं आज उनकी जुबान पर है, मुझे उसे दोहराने की जरूरत नहीं। जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या वह मुख्यमंत्री नहीं बन सकतीं, तो आरती सिंह राव ने आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा, “मैंने कब कहा कि मैं सीएम नहीं बन सकती?” उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में हर नेता की मंजिल ऊंची होती है और आगे बढ़ने की इच्छा स्वाभाविक है। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं अहीर कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने चुप्पी साधे रखी। इस मुद्दे पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जिससे राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला। कार्यक्रम के दौरान रेवाड़ी विधानसभा सीट से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ चुके सुनील मुसेपुर ने भी बिना नाम लिए उद्योग मंत्री पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अहीरवाल की माताओं ने अभी ऐसे बेटे पैदा करने बंद नहीं किए जो मुख्यमंत्री न बन सकें।” इतना ही नहीं, उन्होंने खुले तौर पर कहा कि आरती सिंह राव भविष्य में जरूर मुख्यमंत्री बनेंगी। इस मौके पर रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, जिला पार्षद, नगर पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे। अस्पताल की लापरवाही से शुरू हुआ यह मुद्दा अब स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ-साथ अहीरवाल की सियासत में भी नई हलचल पैदा करता नजर आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.