Indonesia Helicopter Crash: इंडोनेशिया में एयरबस H130 क्रैश, 8 लोगों की मौत; देखें वीडियो

इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप पर एयरबस H130 हेलिकॉप्टर क्रैश। हादसे में 8 लोगों की मौत, जिनमें 7 इंडोनेशियाई और 1 मलेशियाई नागरिक शामिल। तकनीकी खराबी के बाद हुआ हादसा।

इंडोनेशिया में एक हेलिकॉप्टर क्रैश की खबर है. 24 घंटे पहले हेलिकॉप्टर का संपर्क रडार से टूट गया था. हेलिकॉप्टर क्रैश में 8 लोगों की मौत हो गई है. घटना स्थल से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हेलिकॉप्टर के परखचे उड़ गए हैं. यह हेलिकॉप्टर जंगल में क्रैश हुआ है. सरकार ने राहत एवं बचाव का काम शुरू कर दिया है.

स्थानीय मीडिया के मुताबिक हेलिकॉप्टर बोर्नियो द्वीप पर ताड़ के तेल के बागानों के बीच उड़ान भर रहा था. इसी दौरान हादसा हो गया. रडार से संपर्क टूटने के बाद हेलिकॉप्टर की खोज शुरू कर दी गई थी.

सरकार की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक हेलिकॉप्टर की पहचान एयरबस एच130 के रूप में की गई है. यह हेलिकॉप्टर पीटी मैथ्यू एयर नुसंतारा के स्वामित्व में था. पुलिस ने यह नहीं बताया कि ये हेलिकॉप्टर आखिर कहां जा रहा था.

कैसे क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर?

CNN इंडोनेशिया के मुताबिक हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने में 45 मिनट का वक्त लगा था. जब वह उड़ने के लिए तैयार हुआ, तभी उसमें शिकायत थी, लेकिन इसके बावजूद उसे पायलटों ने हवा में उड़ाया. 5 मिनट बाद ही हेलिकॉप्टर का संपर्क रडार से टूट गया. इसके बाद हेलिकॉप्टर क्रैश कर गया.

सेकाडाऊ पुलिस की आपराधिक जांच इकाई के निरीक्षक ज़ैनल अबिदीन के मुताबिक जिस इलाके में हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है, वो पहाड़ी इलाका है. यहां राहत एवं बचाव कार्य भी दुश्वार है. इसके बावजूद हमने 8 शवों की पहचान की है. 7 लोग इंडोनेशिया के रहने वाले हैं. मरने वाले एक शख्स की पहचान मलेशियाई नागरिक के रूप में हुई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.