अंबाला: अवैध लिंग जांच गिरोह के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का डिकॉय ऑपरेशन

अंबाला स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने अवैध लिंग जांच करने वाले गिरोह को पकड़ने के लिए बिछाया जाल। यूपी के युवकों से हुई सौदेबाजी, जांच में जुटी टीम।

अंबाला  : कोख के कातिलों और अवैध लिंग जांच करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश का युवक पोर्टेबल एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए गर्भवती महिलाओं का अवैध रूप से लिंग परीक्षण करता है।

सूचना पुख्ता थी, इसलिए पीएनडीटी टीम ने बिना देरी किए एक विशेष अभियान चलाया। टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ नकली मरीज तैयार किया और संदिग्ध युवकों से संपर्क साधा। सौदेबाजी तय हुई और संदिग्ध युवकों ने डिकॉय ग्राहक को बुला लिया। टीम की नजरें उन पर जमी थीं। युवक डिकॉय महिला को लेकर पहले एक अज्ञात स्थान पर गए और फिर घुमा-फिराकर वापस अंबाला ले आए।

न तो मशीन और न ही कोई अन्य आपत्तिजनक उपकरण मिला

पीएनडीटी टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी। जैसे ही टीम को मौका मिला, उन्होंने घेराबंदी कर संदिग्धों को दबोच लिया। लेकिन जब तलाशी ली गई तो अधिकारी हैरान रह गए। मौके से न तो कोई पोर्टेबल मशीन मिली और न ही कोई अन्य आपत्तिजनक उपकरण। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि गिरोह को टीम की भनक लग गई थी या वे बेहद शातिर तरीके से इस काले धंधे को अंजाम दे रहे थे।

वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि यूपी से कुछ लोग मशीन लेकर यहाँ लिंग जांच के लिए आ रहे हैं। उन्होंने डिकॉय ऑपरेशन किया, टीम मौके पर भी पहुँची, लेकिन फिलहाल कोई आपत्तिजनक सामान या मशीन बरामद नहीं हुई। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और संदिग्धों पर हमारी पैनी नजर बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.