यूपी में बीजेपी का पैदल मार्च: नारी शक्ति वंदन विधेयक पर विपक्ष को घेरेंगे CM योगी
महिला आरक्षण विधेयक गिरने पर बीजेपी का हल्लाबोल! लखनऊ में CM योगी और दोनों डिप्टी CM निकालेंगे पैदल मार्च। 28 अप्रैल को वाराणसी में पीएम मोदी का बड़ा महिला सम्मेलन।
नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के लोकसभा में गिर जाने से बीजेपी में काफी आक्रोश है, यही वजह है कि पार्टी देशभर में इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है. इसी कड़ी में कल यानी मंगलवार (21 अप्रैल) को उत्तर प्रदेश में बीजेपी पैदल मार्च निकालने जा रही है, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे, इनमें महिलाएं भी होंगी.
जानकारी के मुताबिक राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर विधानसभा तक पैदल मार्च का आयोजन किया जाएगा. इसमेंसीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक शामिल होंगे. इसके अलावा इस मार्च में महिला जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा कार्यकर्ता और महिला आयोग की अध्यक्ष समेत पूरी टीम शामिल होगी. बीजेपी के अनुसार आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताएं राजधानी पहुंच रही हैं. कालिदास मार्ग से निकलने वाली यह पदयात्रा महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष पर हमला बोलने का प्रमुख हिस्सा है.
28 अप्रैल को वाराणसी में कार्यक्रम
बीजेपी ने पहले ही नारी शक्ति वंदन अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली थी, लेकिन विधेयक के पास न होने के बाद अब इसे दोनों तरफ से सियासी मुद्दा बना दिया गया है. बीजेपी पदाधिकारियों के मुताबिक, 21 अप्रैल की पदयात्रा के बाद 28 अप्रैल को वाराणसी में और बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 50 हजार महिलाएं शामिल होंगी. इस कार्यक्रम के जरिए भी विपक्षी दलों को घेरने की रणनीति बनाई गई है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे.
बीजेपी ने विपक्ष की साजिश बताया
इधर विपक्षी दलों ने विधेयक गिरने का दोष बीजेपी पर मढ़ते हुए अपना तर्क दिया है, लेकिन बीजेपी इसे विपक्ष की साजिश बता रही है. पार्टी का कहना है कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर विपक्ष अब सच्चाई से मुंह छिपा रहा है. यह पदयात्रा और वाराणसी कार्यक्रम बीजेपी की महिला सशक्तिकरण की छवि को और मजबूत करने के साथ-साथ आगामी चुनावी रणनीति का भी हिस्सा माना जा रहा है.