पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग, PM मोदी का राजस्थान दौरा और लोकार्पण रद्द
राजस्थान के पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग के बाद पीएम मोदी का 21 अप्रैल का दौरा स्थगित। क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास लगी आग से भारी नुकसान की आशंका। जानें ताजा अपडेट।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को प्रस्तावित राजस्थान दौरा स्थगित कर दिया गया. राजस्थान सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पीएम मोदी को मंगलवार को राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण करना था, लेकिन रिफाइनरी में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. फायर ब्रिगेड की दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगी हुई है. 3 घंटे बाद भी आग को अभी बुझाया नहीं जा सका है. आग बुझाने की कोशिश लगातार जारी है.
सरकार के सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी को रिफाइनरी का लोकार्पण करने के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करना था. आग लगने की घटना की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकार्पण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यालय ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के स्थगित होने की पुष्टि कर दी है .
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी आज शाम पचपदरा पहुंचना था. प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित होने की वजह से उनका दौरा भी रद्द हो गया है .मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को शाम 4:00 बजे जयपुर से पचपदरा के लिए रवाना होना था, लेकिन वह अब भी जयपुर में ही अपने आवास पर हैं.
रिफाइनरी के उद्घाटन का कार्यक्रम टला
दूसरी ओर, पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर इसकी सूचना सोशल मीडिया एक्स पर दी गई है. पोस्ट में कहा गया है कि आज HRRL रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की एक बुरी घटना के कारण 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा रिफाइनरी का उद्घाटन करने का तय कार्यक्रम टाल दिया गया है.
बयान में कहा गया है किआग पर काबू पा लिया गया है. किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. घटना के कारणों का पता लगाने और ज़रूरी सुधार के उपाय करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. उद्घाटन की नई तारीख जल्द ही बताई जाएगी.
आग से भारी नुकसान की आशंका
यह रिफाइनरी, बालोतरा के पचपदरा में भारत का पहला ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जो हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार के बीच एक जॉइंट वेंचर है.
ऐसा माना जा रहा था कि यह इंपोर्ट पर निर्भरता कम करके और घरेलू प्रोडक्शन क्षमताओं को बढ़ाकर भारत की एनर्जी सिक्योरिटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा, लेकिन अचानक ही आग लगने की वजह से पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गये. आग लगने की वजह से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है.